Advertisement

Updated December 5th, 2021 at 19:38 IST

गृह मंत्रालय आखिर कर क्या रहा है : नागालैंड की घटना पर राहुल गांधी ने कहा

नागालैंड में लोगों की मौत होने की घटना की पृष्ठभूमि में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने निशाना साधा है।

| Image:self
Advertisement

नागालैंड  के मोन जिले में उग्रवाद रोधी अभियान के दौरान कई लोगों की मौत होने की घटना की पृष्ठभूमि में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ‘‘आम लोग और सुरक्षाकर्मी अपनी ही जमीन पर सुरक्षित नहीं हैं’’ तो सरकार को ‘‘सही-सही जवाब’’ देना चाहिए कि गृह मंत्रालय आखिर क्या कर रहा है।

नगालैंड में पुलिस ने कहा कि राज्य के मोन जिले में सुरक्षाबलों की कथित गोलीबारी में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वह इस घटना की जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि क्या यह गलत पहचान का मामला है। इस घटना के बाद हुई हिंसा में एक सैनिक की भी मौत हो गई थी।

घटना की पृष्ठभूमि में राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘यह दिल दुखाने वाला है। भारत सरकार को सही-सही जवाब देना चाहिए। गृह मंत्रालय आखिरकार कर क्या रहा है, जब आम नागरिक, यहां तक कि सुरक्षाकर्मी अपनी ही जमीन पर सुरक्षित नहीं हैं।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने एक ट्वीट में कहा, “नगालैंड से हृदयविदारक खबर आ रही है, सभी पीड़ित परिवारों के लिए मेरी हार्दिक संवेदनाएं। वे न्याय के हकदार हैं।”

आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से किए गए एक ट्वीट में कांग्रेस ने कहा, “नगालैंड से आई दुखद खबर बेहद परेशान करने वाली है। उत्तर पूर्व में बार-बार हिंसा की घटनाएं कानून- व्यवस्था बनाए रखने और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने में मोदी सरकार की विफलता का स्पष्ट संकेत हैं।”

पार्टी ने कहा, “प्रधानमंत्री और गृहमंत्री - सरकार हमारे नागरिकों और सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असमर्थ क्यों है?”

सेना ने रविवार को इस मामले की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ का आदेश दिया और इस घटना पर गहरा खेद व्यक्त किया।

सैन्य अधिकारियों ने बताया कि म्यांमा की सीमा से लगने वाले मोन जिले में उग्रवादियों की संभावित गतिविधियों की विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया गया था।

सेना ने कहा कि कई सुरक्षाकर्मी अभियान में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और एक जवान की मौत हो गई है।

Advertisement

Published December 5th, 2021 at 19:38 IST

आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.

अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।

Advertisement

न्यूज़रूम से लेटेस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Whatsapp logo