
Politics
झारखंड विधानसभा चुनाव: अबतक उम्मीदवार घोषित नहीं किये गये सरयू राय ने कहा- टिकट की भीख नहीं मांग सकता
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर अबतक घोषित किये गये 72 उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम नहीं पाकर पार्टी के नेता एवं झारखंड के मंत्री सरयू राय ने शनिवार को कहा कि वह टिकट की भीख नहीं मांग सकते।
भाजपा ने 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के चुनाव के लिए अबतक चार सूचियों में 72 उम्मीदवारों की घोषणा की है।
राय से जब यहां संवाददाता सम्मेलन में भाजपा द्वारा उनके नाम की घोषणा में देरी और अनिश्चितता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘ पार्टी नेतृत्व से सीट की भीख मांगना मेरे लिए उपयुक्त नहीं है। इसलिए मैंने उनसे मेरे नाम पर विचार नहीं करने को कहा है।’’
भाजपा ने राय समेत दस विधायकों को विधानसभा चुनाव के लिए फिर से टिकट नहीं दिया है। राय राज्य की भाजपा नीत राजग सरकार में नागरिक आपूर्ति, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री हैं और वर्तमान विधानसभा में जमशेदपुर (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
जब राय से उनके अगले कदम और चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कोई निर्णय लेने से पहले वह रविवार को इस मुद्दे अपने समर्थकों के साथ चर्चा करेंगे।
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि जमशेदपुर (पूर्व) सीट से चुनाव लड़ने के लिए किसी दल ने उनसे संपर्क किया है जहां से मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ को झारखंड विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रघुबर दास के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है।
पार्टी की ओर से शनिवार रात दो उम्मीदवारों की सूची जारी की गई जिसमें वल्लभ का नाम प्रमुख है जिन्हें जमशेदपुर-पूर्व से उम्मीदवार बनाया गया है।
इस विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री रघुबर दास वर्तमान में विधायक हैं। रामगढ़ से ममता देवी को टिकट दिया गया है।
मुख्यमंत्री के खिलाफ उम्मीदवार बनाए जाने के बारे में पूछे जाने पर वल्लभ ने कहा, 'मैं इस चुनौती को स्वीकार करता हूं। इस क्षेत्र और झारखंड के लोगों के साथ पिछले पांच वर्षों में सिर्फ धोखा हुआ है। जनता रघुबर दास और भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है।"
झारखंड में कांग्रेस 81 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में झामुमो और राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। वह 31 सीटों पर लड़ रही है।
उधर, कांग्रेस ने कर्नाटक में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को छह उम्मीदवारों की भी घोषणा की।