Advertisement

Updated August 7th, 2019 at 00:56 IST

भाजपा नेताओं ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया, उन्हें ‘जन मंत्री’ के रूप में याद किया

गृह मंत्री ने कहा कि सुषमा स्वराज जी का निधन भाजपा और भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Reported by: Neeraj Chouhan
| Image:self
Advertisement

भाजपा के विभिन्न नेताओं ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त किया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता व संसदीय बोर्ड की सदस्य श्रीमती सुषमा स्वराज जी के आकस्मिक निधन से मन अत्यंत दुखी है। उन्होंने एक प्रखर वक्ता, एक आदर्श कार्यकर्ता, लोकप्रिय जनप्रतिनिधि व एक कर्मठ मंत्री जैसे विभिन्न रूपों में भारतीय राजनीति में अपनी अमिट छाप छोड़ी है।

उन्होंने आगे कहा कि सात बार लोक सभा सदस्य और तीन बार विधानसभा सदस्य रहीं सुषमा जी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्रिमंडल में विभिन्न दायित्व निभाये। लोक सभा में विपक्ष की नेता के रूप में सुषमा स्वराज जी भाजपा की मुखर आवाज बनी। उनके रूप में हमने एक विरले, सरल व सादगीपूर्ण नेता खोया है।

गृह मंत्री ने कहा कि सुषमा स्वराज जी का निधन भाजपा और भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उनके परिजनों, समर्थकों व शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शान्ति प्रदान करे। ॐ शांति शांति शांति।

वहीं, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि स्वराज एक आदर्श व्यक्तित्व का उदाहरण थीं, चाहे विपक्ष के नेता तौर पर या फिर विदेश मंत्री के रूप में। उन्होंने कहा कि देश उनके शानदार व्यक्तित्व को हमेशा याद रखेगा और उनका निधन देश तथा भाजपा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने आगे कहा कि दीदी सुषमा स्वराज जी अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में अनेकों दायित्वों पर रहते हुए अंतिम समय तक राष्ट्र सेवा में लगी रहीं। जब से वो राजनीतिक जीवन में आयी तब से लेकर, विपक्ष की नेता, विदेश मंत्री रहने तक हमेशा एक आदर्श व्यक्तित्व का उदाहरण समाज के सामने रखा।


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विदेश मंत्री के रूप में वह मंत्रालय की कार्यप्रणाली में एक नयी तरह की संवेदनशीलता लेकर आईं।

उन्होंने कहा कि वह ‘‘जन मंत्री’’ के रूप में जानी जाती थीं। वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने भी स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह आम आदमी को विदेश मंत्रालय से जोड़ने वाली असाधारण हस्ती थीं।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी स्वराज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। स्वराज के परिवार में उनके पति स्वराज कौशल और बेटी बांसुरी हैं।

Advertisement

Published August 7th, 2019 at 00:56 IST

आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.

अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।

Advertisement

न्यूज़रूम से लेटेस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Whatsapp logo