
Elections
सराईकेला - खरसावां में नक्सलियों ने कार्यकर्ताओं को बंधक बनाकर BJP कार्यालय को उड़ाया, पर्चा बरामद
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में गुरुवार देर रात 12:20 बजे संदिग्ध माओवादियों ने आईईडी विस्फोट कर भाजपा कार्यालय को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायज़ा लिया और जांच के आदेश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से नक्सलियों द्वारा छोड़ा गया पर्चा भी बरामद किया है।
एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने रिपब्लिक भारत से फोन पर बात करते कहा कि खरसावां चांदनी चौक स्थित BJP कार्यालय में आईईडी लगा कर भवन के पिछले हिस्से को उड़ा दिया गया। फिलहाल घटना स्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई गई है।
यह पूछे जाने पर कि क्या इस घटना में नक्सली शामिल थे, इस पर एसपी ने कहा कि जिस तरह से विस्फोट को अंजाम दिया, यह नक्सलियों की संलिप्तता का संकेत है। जांच के दौरान पुलिस ने डेटोनेटर तार बरामद किया है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही देर रात भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा रांची से खरसावां पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायज़ा लिया। अर्जुन मुंडा ने कहा कि कार्यालय को विस्फोट कर क्षतिग्रस्त करने के पीछे कोई भी तत्व हो, लेकिन जनतंत्र पर और जनता पर मुझे भरोसा है, जनता का निर्णय सर्वोपरि है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात 12:20 बजे 3 संदिग्ध नक्सली बीजेपी कार्यलय पहुंचे , उन्होंने पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को खींच कर बहार निकाला और उन्हें बंधक बना लिया। फिर कार्यलय को बम से उड़ा दिया।
खरसावां खूंटी संसदीय सीट के अंतर्गत आता है। यहां से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता अर्जुन मुंडा लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर छह मई को मतदान होगा।
बता दें कि इससे पहले झारखंड के पहले चरण के चुनाव से पहले पलामू में भी नकस्लियों ने हमला किया था. जिसमें पलामू के हरिहरगंज एक बस स्टैंड के पास बीजेपी के चुनाव कार्यालय को विस्फोट कर उड़ा दिया गया.