Updated May 10th, 2021 at 17:24 IST

कोरोना: लोगों की मदद के लिए सामने आए सिंगर मीका सिंह; जरूरतमंदों के लिए शुरू किया लंगर

मशहूर सिंगर मीका सिंह (Mika Singh) मुंबई में एक हजार से ज्यादा लोगों को लंगर (Langar) खिला रहे हैं। 

Reported by: Sakshi Bansal
| Image:self
Advertisement

कोरोना वायरस से लड़ने के लिए पूरा देश एकजुट हो गया है। आम इंसान हो या बड़ा सेलिब्रिटी, हर कोई कोविड-19 की दूसरी घातक लहर के खिलाफ लड़ाई में शामिल हो गया है और जरूरतमंदों की मदद कर रहा है। इसी कड़ी में, मशहूर सिंगर मीका सिंह (Mika Singh) भी मुंबई में एक हजार से ज्यादा लोगों को लंगर (Langar) खिला रहे हैं। 

मीका सिंह ने जरूरतमंदों के लिए शुरू किया लंगर

सोशल मीडिया पर सिंगर मीका सिंह की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं जिसमें वह लोगों को खाने के पैकेट बांटते दिख रहे हैं। विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनका एक वीडियो शेयर किया है जिसमें दिख रहा है कि कैसे गायक कोरोना से बचाव के लिए सारे एहतियात बरतते हुए, ये नेक काम कर रहे हैं। उन्होंने मास्क, फेस शील्ड और ग्लव्स पहनकर लोगों को खाना बांटा है। 

गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है जब सिंगर ने ऐसा सराहनीय कदम उठाया हो। उन्होंने पिछले साल दिल्ली में अपनी लंगर सुविधा शुरू की थी जहां उन्होंने एक हजार लोगों को रोजाना मुफ्त भोजन की आपूर्ति सुनिश्चित की। बता दें कि यह लंगर सुविधा अभी भी चालू है।

उन्होंने अब मुंबई में भी यही पहल शुरू कर दी है। वह इस हफ्ते से ही मुंबई में दैनिक आधार पर लगभग हजार जरूरतमंद लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था कर रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः अनुपम खेर ने कोरोना मरीजों को मेडिकल सप्लाई में मदद करने के लिए शुरू की पहल, यूएस से आई पहली खेप

ऑक्सीजन के लिए भी एक मिशन में शामिल हुए मीका सिंह

इस बीच, सिंगर लोगों का पेट भरने के साथ साथ उन्हें सांस देने में भी मदद कर रहे हैं। उन्होंने ‘मिशन ऑक्सीजन’ (Mission Oxygen) के साथ मिलाया है जो अस्पतालों को ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर दान करके और ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित करके लोगों की जान बचाने में मदद करता है।

मीका ने अपने फैंस और फॉलोअर्स से इस मिशन से जुड़ने और इसमें दान करने की अपील की है ताकी देश में ऑक्सीजन की कमी से निपटा जा सके।

 

Advertisement

Published May 10th, 2021 at 17:19 IST

Whatsapp logo