Advertisement

Updated April 26th, 2024 at 09:19 IST

मैदान में 41 प्रत्याशी, सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम...छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीट के लिए वोटिंग जारी

छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद में शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रारंभ हो गया।

Reported by: Digital Desk
Polling begins for three Lok Sabha seats in Chhattisgarh
Polling begins for three Lok Sabha seats in Chhattisgarh | Image:PTI/ Representational
Advertisement

छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद में शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रारंभ हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मतदान के दूसरे चरण में तीन लोकसभा क्षेत्रों में कुल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच होने की संभावना है। तीनों लोकसभा क्षेत्रों में नक्सलियों की मौजूदगी है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में दूसरे चरण के तहत महासमुंद, राजनांदगांव और कांकेर (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) सीट पर शुक्रवार सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हो गया। उन्होंने बताया कि तीन सीट में से कांकेर सीट का एक बड़ा हिस्सा नक्सल प्रभावित है, जहां सुरक्षा बल अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। वहीं राजनांदगांव और महासमुंद के कुछ इलाके भी इस खतरे से जूझ रहे हैं।

Advertisement

अधिकारियों ने बताया, ''कांकेर लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं और इनमें से अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, केशकाल और कांकेर विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक (माओवादी खतरे को देखते हुए) मतदान होगा।'' उन्होंने बताया कि अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों - सिहावा, संजारी-बालोद, डौंडीलोहारा और गुंडरदेही में मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक है।

अधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के मानपुर-मोहला विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। शेष सात विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। उन्होंने बताया कि महासमुंद निर्वाचन क्षेत्र के बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नौ संवेदनशील मतदान केंद्रों को छोड़कर निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में सुबह सात बजे से दोपहर छह बजे तक मतदान होगा। संवेदनशील नौ मतदान केंद्रों में सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा।

Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि तीन सीट पर कुल 41 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें राजनांदगांव में 15, महासमुंद में 17 और कांकेर में नौ उम्मीदवार हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 52,84,938 मतदाता हैं जिनमें से 26,05,350 पुरुष तथा 26,79,528 महिला मतदाता हैं। इन क्षेत्रों में तीसरे लिंग के 60 मतदाता पंजीकृत हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों में 6,567 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे चरण में 23 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील और 458 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के लिए कुल 32,907 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। तीन निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षाकर्मियों की लगभग 222 कंपनी तैनात की गई हैं। छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीट के लिए तीन चरणों में मतदान हो रहा है। नक्सल प्रभावित बस्तर (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र में 19 अप्रैल को पहले चरण के दौरान मतदान हुआ था। शेष सात सीटों पर सात मई को अंतिम चरण के दौरान मतदान होगा।

Advertisement

राजनांदगांव सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद संतोष पांडेय और पूर्व मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस के मौजूदा विधायक भूपेश बघेल के बीच मुकाबला है। सत्ताधारी भाजपा ने महासमुंद और कांकेर सीट पर अपने मौजूदा सांसदों के टिकट काट कर क्रमशः रूपकुमारी चौधरी और भोजराज नाग को मैदान में उतारा है। चौधरी और नाग पूर्व विधायक हैं। कांग्रेस ने महासमुंद में राज्य के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और कांकेर सीट पर बीरेश ठाकुर को मैदान में उतारा है। ठाकुर 2019 का लोकसभा चुनाव कांकेर सीट पर भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे। लोकसभा चुनाव-2019 में भाजपा ने राज्य की नौ लोकसभा सीट और कांग्रेस ने दो सीट पर जीत दर्ज की थी।

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published April 26th, 2024 at 09:19 IST

आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.

अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।

Advertisement

न्यूज़रूम से लेटेस्ट

3 घंटे पहलेे
3 घंटे पहलेे
9 घंटे पहलेे
15 घंटे पहलेे
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Whatsapp logo